निगम में पास नहीं हो रहा नक्शा, फाइलों को रोका

मुजफ्फरपुर : नगर निगम में नक्शा पास करने का काम ठप है। बीते आठ दिसंबर से एक भी नक्शा जारी नहीं हुआ है। इससे आम शहरी को मकान निर्माण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर आयुक्त ने नक्शा से जुड़ी फाइलों को रोक दिया है। इसको लेकर जल्द ही समीक्षा बैठक होनी है। इसमें भवन निर्माण से जुड़े नियमों के पैमाने पर नक्शों को परखा जाएगा।

बैठक में हर बिंदु पर पूरी समीक्षा बाद ही नक्शों को स्वीकृति देने पर निर्णय होगा। खामी मिलने पर नक्शा खारिज कर दिया जाएगा। फिलहाल इस माह के 30 से अधिक नक्शा के मामले लंबित हैं।

नियम के तहत निगम क्षेत्र में घर या अन्य इमारतों के निर्माण से पहले उसका नक्शा नगर निगम से पास कराना अनिवार्य होता है। अधिकतम 15 दिन के अंदर नक्शा पास हो जाता है।

आवेदन जमा होने पर निगम के -इंजीनियर व अन्य अधिकारियों की टीम द्वारा स्थल जांच के बाद ही नक्शा को स्वीकृत या खारिज किया जाता है। कागजात या अन्य गड़बड़ी होने पर मामला लटक जाता है।

इधर, वेबसाइट में तकनीकी खराबी के बाद मुख्यालय के निर्देश पर बीते चार महीने से नक्शा के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया है। नतीजतन लोगों को नक्शा पास कराने के लिए चक्कर लगा पड़ रहे हैं कम से कम तीन बार निगम कार्यालय जाना पड़ता है।

पहली बार आवेदन, फिर शुल्क जमा करना होगा। तीसरी बार स्वीकृत नक्शा लेने के लिए कार्यालय पहुंचना होगा। नगर आयुक्त नवीन कुमार का कहना है कि आवासीय या व्यावसायिक मकानों 66 के नक्शे के मामले की जल्द ही समीक्षा करेंगे। तकनीकी प्रावधानों को देखेंगे। उसके बाद स्वीकृत नक्शा को जारी कर दिया जाएगा।