#PATNA : महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर #BJP करेगी एक महीने तक विशेष कार्यक्रम

#PATNA #BIHAR #INDIA : महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भाजपा एक महीने तक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। अगले 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पार्टी जनजागरूकता पदयात्रा करेगी। इसमें दल के सभी सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। एक महीने में 15 दिनों तक पार्टी नेता हर रोज पांच से दस किलोमीटर तक पदयात्रा करेंगे। पदयात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी राज्य के सभी विधानसभा, लोकसभा व संगठन जिला में यात्रा प्रभारी व सह प्रभारी बनाएगी।

गांधी जयंती पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम का निर्देश भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार भाजपा नेताओं को दिए। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव के साथ भाजपा अध्यक्ष के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बिहार भाजपा के कई आला नेता शामिल हुए। श्री शाह ने कहा कि जिन क्षेत्रों में भाजपा के प्रतिनिधि नहीं हैं, वहां भी बेहतर तरीके से आयोजन सुनिश्चित हो। 25 सितम्बर को दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को सभी शक्ति केन्द्रों पर मनाने को कहा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह व नित्यानन्द राय, पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, संगठन महामंत्री नागेन्द्र, सह संगठन महामंत्री शिवनारायण, सांसद राजीव प्रताप रुडी, गोपालजी ठाकुर, रामकृपाल यादव, प्रदीप कुमार, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, छेदी पासवान, अजय निषाद, अशोक यादव, रमा देवी व सुशील कुमार सिंह, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, नितिन नवीन, संजीव चौरसिया, मनोज शर्मा, मिथिलेश तिवारी, विधान पार्षद रजनीश कुमार, प्रो. नवल किशोर यादव, राधामोहन शर्मा व अर्जुन सहनी, देवेश कुमार, सम्राट चौधरी, नीतीश मिश्रा, शिवेश राम, प्रेम रंजन पटेल, सुरेश रूंगटा, डॉ. निखिल आनंद सहित अन्य नेता मौजूद थे।